Jharkhand News: सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बीवी नागरथना और न्यायाधीश उज्जल भुयान की पीठ में आईएएस विनय चौबे, सुधीर कुमार सिंह और विनय प्रताप की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. एसीबी द्वारा देर शाम शपथ पत्र दायर किए जाने के कारण याचिकाकर्ताओं ने जवाब देने के लिए समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने सुनवाई के लिए "25 मार्च" की तिथि निर्धारित की है. सुनवाई के दौरान सुधीर सिंह की ओर से उनके गंभीर रूप से बीमार होने की जानकारी भी दी गई.
शराब घोटाला और गिरफ्तारी का आधार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 20 मई 2025 को तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे को गिरफ्तार किया था. उन पर आरोप है कि "उत्पाद नीति 2022" के तहत मैन पावर सप्लाई करने वाली कंपनियों को फर्जी बैंक गारंटी के आधार पर काम दिया गया, जिससे सरकार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. इस मामले में गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ चार और प्राथमिकियां दर्ज की गई थीं. वे मई 2025 से ही जेल में बंद हैं.
जमीन घोटाला और आय से अधिक संपत्ति का मामला
शराब घोटाले के अलावा विनय चौबे पर हजारीबाग उपायुक्त रहते हुए खास महल और वनभूमि की हेराफेरी के दो मामले दर्ज हैं. आरोप है कि उन्होंने पद का प्रभाव इस्तेमाल कर जमीन करीबियों को दिलाई. इसके अतिरिक्त एसीबी रांची ने उन पर "आय से अधिक संपत्ति" अर्जित करने और जगन्नाथपुर थाने में "ठगी" के आरोप में भी केस दर्ज किया है. फिलहाल इन सभी पांचों मामलों में जांच जारी है.