Jharkhand Breaking: झारखंड की हेमंत सरकार ने राज्य के किसानों को आर्थिक संबल देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. "कृषि ऋण माफी योजना" के अंतर्गत अब तक राज्य के 4 लाख 82 हजार 380 किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ कर दिया गया है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक कुल 1828 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बैंकों को हस्तांतरित की जा चुकी है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि "किसानों की खुशहाली ही राज्य की प्रगति का आधार है" और इस दिशा में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है.
ई-केवाईसी और भुगतान की वर्तमान स्थिति
राज्य में अब तक कुल 5 लाख 1 हजार 620 किसानों का "ई-केवाईसी" (e-KYC) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. वर्तमान में 1,267 अन्य किसानों के ऋण माफी की फाइलें प्रक्रियाधीन हैं और जल्द ही उनके खातों में भी राहत राशि भेज दी जाएगी. हालांकि तकनीकी कारणों और बैंकों में दर्ज गलत डेटा की वजह से लगभग 17,973 किसानों के भुगतान में विफलता आई है. कृषि विभाग इन त्रुटियों को सुधारने के लिए विशेष अभियान चला रहा है ताकि "कोई भी पात्र किसान इस लाभ से वंचित न रहे."
इन छह जिलों में हुआ 100 करोड़ से अधिक का वितरण
राज्य के छह प्रमुख जिलों में ऋण माफी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. पलामू जिले के किसानों को सबसे अधिक 151.47 करोड़ रुपये की राहत मिली है. इसके अतिरिक्त देवघर में 137.54 करोड़, गढ़वा में 127.44 करोड़, हजारीबाग में 110.12 करोड़, रांची में 109.72 करोड़ और पूर्वी सिंहभूम में 106.32 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है. अन्य जिलों में भी भुगतान की प्रक्रिया तेजी से जारी है.
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न जिलों में भुगतान की स्थिति इस प्रकार है:
- पलामू: 151.47 करोड़
- देवघर: 137.54 करोड़
- गढ़वा: 127.44 करोड़
- रांची: 109.72 करोड़
- पूर्वी सिंहभूम: 106.32 करोड़
- पश्चिमी सिंहभूम: 96.44 करोड़
- दुमका: 92.39 करोड़
- सरायकेला: 86.13 करोड़
- धनबाद: 39.15 करोड़
- सिमडेगा: 24.68 करोड़