Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है. डुमरी थाना क्षेत्र के अंबाडीह गांव निवासी 26 वर्षीय राकेश महतो अबू धाबी में काम के दौरान हादसे का शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि वह छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद से उनका इलाज वहां के अस्पताल में चल रहा है. घटना की खबर मिलते ही परिवार में चिंता का माहौल है. परिजनों ने KEC कंपनी पर राकेश की हालत को लेकर साफ जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है.
अगस्त 2025 में गए थे अबूधाबी
राकेश महतो, तिलक महतो के पुत्र हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए वह अगस्त 2025 में KEC कंपनी में काम करने अबू धाबी गए थे. घरवालों को उम्मीद थी कि विदेश में नौकरी मिलने से परिवार की हालत सुधरेगी, लेकिन अब हादसे के बाद पूरा परिवार परेशानी में है.
काम के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, 23 फरवरी को कार्यस्थल पर काम करने के दौरान राकेश छत से नीचे गिर गए. हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हालांकि अब तक उनकी हालत को लेकर परिवार को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. इसी वजह से घरवालों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
कंपनी पर जानकारी नहीं देने का आरोप
राकेश के परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनकी सेहत और इलाज को लेकर पूरी जानकारी नहीं दे रहा है. परिवार का कहना है कि वे लगातार सही स्थिति जानने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें साफ जवाब नहीं मिल रहा. इस कारण परिवार किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है.
मदद की लगाई गुहार
परिवार ने प्रशासन और सरकार से मदद की अपील की है. परिजनों की मांग है कि राकेश की हालत की सही जानकारी दिलाई जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें हर संभव सहायता मिले. गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है.