Jharkhand News: साहिबगंज जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के जिला अध्यक्ष गौतम यादव पर एक महिला को बहला-फुसलाकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस मामले में महिला के पति मोहसिन मियां ने जिरवाबाड़ी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
साहिबगंज में सियासी हलचल तेज
जानकारी के अनुसार, गौतम यादव का उनके घर पर आना-जाना था। इसी दौरान उसने उनकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बना लिया। मोहसिन का आरोप है कि 4 मार्च उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और इसका वीडियो व फोटो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।
पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी और उसकी पत्नी ने मिलकर उसका मोबाइल तोड़ दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि गौतम यादव ने देसी कट्टा निकालकर उसके सिर पर तान दिया और दोबारा घर आने पर गोली मारने की धमकी दी।
मोहसिन ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी और उसकी पत्नी ने मिलकर उसे उसके ही घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह कई दिनों से भटकने को मजबूर है। साथ ही उसने कहा कि आरोपी अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे लगातार डराने-धमकाने का काम कर रहा है।