इस सम्मेलन का आयोजन टाटा स्टील द्वारा Indian Institute of Metals के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य खनिज एवं कोयला क्षेत्रों में उभरती ड्राई बेनिफिशिएशन तकनीकों पर चर्चा, जानकारी का आदान-प्रदान तथा तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कच्चा माल) संदीप कुमार, ईआईसी आईबीएमडी दीपांकर दासगुप्ता, टाटा स्टील के सीटीओ (प्रोसेस) एवं आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर के अध्यक्ष अतनु रंजन पाल तथा DRYBEN 2026 के संयोजक वीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए 240 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जहां ड्राई बेनिफिशिएशन से संबंधित नवीन एवं सतत तकनीकों पर तकनीकी विचार-विमर्श और ज्ञान आदान-प्रदान किया गया। पहले दिन पूर्ण सत्र (प्लेनरी सेशन) के साथ दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सॉर्टिंग तकनीक, कमिन्यूशन, ड्राई ग्रेविटी कंसंट्रेशन तथा ड्राई बेनिफिशिएशन पर रणनीतिक पैनल चर्चा शामिल रही।
सम्मेलन के दूसरे दिन चार विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें ड्राई ग्रेविटी सेपरेशन, इलेक्ट्रोस्टैटिक एवं मैग्नेटिक सेपरेशन तथा सहायक तकनीकों जैसे डस्ट एक्सट्रैक्शन, न्यूमेटिक कन्वेइंग और ड्राइंग तकनीकों में हो रहे नवीन विकास पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।