Jamshedpur Sidhgora Murder Case: जमशेदपुर के सिदगोड़ा में पांच साल पुराने हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नान्टु सैनी उर्फ मन्टु सैनी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला मार्च 2021 का है, जब आपसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था. घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था.
छह साल से फरार चल रहा था अपराधी
वारदात के बाद आरोपी नान्टु सैनी अपनी पहचान छिपाकर दूसरे राज्यों में शरण ले रहा था. उसने अपना पुराना ठिकाना पूरी तरह छोड़ दिया था और उसका परिवार भी घर खाली कर कहीं और चला गया था. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदलकर चकमा दे रहा था. बीते डेढ़ साल से पुलिस तकनीकी सेल की मदद से उस पर पैनी नजर रख रही थी.
होटल के पास से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सटीक सूचना मिली कि फरार आरोपी मानगो थाना क्षेत्र के सिटी इन होटल के आसपास देखा गया है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिदगोड़ा और मानगो पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की. आरोपी को 25 मार्च की रात को दबोच लिया गया. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अगले दिन उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता
इस कार्रवाई में सिदगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम में शामिल अधिकारियों और जवानों ने अपनी सूझबूझ से बिना किसी शोर-शराबे के आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, इस मामले के एक अन्य सह-आरोपी राजकुमार सैनी को घटना के समय ही हथियार के साथ पकड़कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि नान्टु की गिरफ्तारी अब संभव हो पाई है.