Jamshedpur: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। जुगसलाई निवासी अमित कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया।
पिस्तौल के बल पर जान से मारने की धमकी
पीड़ित के अनुसार, 25 मार्च की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने जमीन (प्लॉट संख्या 962, खाता संख्या 97, स्टेशन रोड) पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकने पहुंचे थे। इसी दौरान ठेकेदार कुलदीप सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की और पिस्तौल दिखाते हुए वहां से भाग जाने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की बात भी कही।
जाली दस्तावेज से निर्माण कराने का आरोप
अमित कुमार सिंह का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन को फर्जी कागजात के आधार पर मंजू खेतान और संतोष खेतान द्वारा कब्जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों के कहने पर कुलदीप सिंह के माध्यम से जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना के बाद पीड़ित ने जुगसलाई थाना और एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी कुलदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हथियार के साथ फोटो भी हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि आरोपी का पिस्तौल के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस अब उस हथियार की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।