Dumka Road Accident: दुमका में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया, जिससे सोमवार को आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
बांस लदी ट्रॉली ने मारी टक्करघटना वीर कुंवर सिंह चौक के पास की है, जहां बांस से लदी एक चाइना ट्रॉली ने राहुल दास को टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल राहुल को देर रात अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
डिलीवरी बॉय था मृतक युवक
राहुल दास नगर थाना क्षेत्र के मोचीपाड़ा का रहने वाला था. वह एक ई कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था. बताया जा रहा है कि रविवार रात किसी दोस्त के बुलाने पर वह घर से निकला था. सुबह करीब चार बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली.
परिजनों इलाज में देरी का आरोप लगाया
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में राहुल का समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया. उनका कहना है कि अगर तुरंत इलाज मिलता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी.
परिवार ने अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की है, ताकि यह साफ हो सके कि घायल को कब लाया गया और इलाज कब शुरू हुआ
पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस घायल को अस्पताल पहुंचाकर वापस चली गई और इलाज शुरू होने तक वहां मौजूद नहीं रही. इसको लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है.
न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने जेल रोड स्थित दुर्गा स्थान के पास सड़क जाम कर दिया. लोगों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन लोगों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन परिजन और स्थानीय लोग न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं.