Gumla News: गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने मौजा जलका में औचक छापेमारी अभियान चलाया.
यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही. जांच के दौरान शिवनाथपुर क्षेत्र के विभिन्न खाता और प्लॉट में बड़े पैमाने पर अवैध बालू भंडारण का खुलासा हुआ.
अधिकारियों के अनुसार, खाता संख्या 132 के प्लॉट 1205 में करीब 5000 घनफीट, खाता संख्या 86 के प्लॉट 1187 में 5000 घनफीट, खाता संख्या 30 के प्लॉट 1178 में 6000 घनफीट और प्लॉट 1182 में लगभग 20000 घनफीट बालू अवैध रूप से जमा पाया गया. कुल मिलाकर करीब 36 हजार घनफीट बालू जब्त किया गया है.
स्थानीय जानकारी के आधार पर कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से बालू का भंडारण कर कारोबार किए जाने की बात सामने आई है. प्रशासन ने जब्त बालू को अपने कब्जे में लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध अनुमति के खनिज का उत्खनन, भंडारण और परिवहन कानूनन अपराध है. इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.