Ranchi News: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने सैलून संचालक पर शोषण, दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नौकरी और बेहतर वेतन का लालच देकर बुलाया
पीड़िता मूल रूप से रामगढ़ जिले के भुरकुंडा की रहने वाली है और पहले ओडिशा के अंगुल जिले में एक सैलून में काम करती थी. आरोप है कि वहीं पर उसकी मुलाकात सैलून संचालक सोहेब मलिक और उसके सहयोगी सोहेल खान से हुई. दोनों ने उसे रांची में मैनेजर पद और 30 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच देकर बुलाया.
युवती 25 सितंबर 2025 को रांची पहुंची और सैलून ज्वाइन कर लिया. लेकिन यहां आने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई. उसे न तो तय वेतन मिला और न ही अन्य सुविधाएं दी गईं. कई महीनों का वेतन और इंसेंटिव भी बकाया बताया गया है.
फ्लैट में ले जाकर दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सैलून संचालकों की नीयत शुरू से ही ठीक नहीं थी. विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे जबरन फ्लैट में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और कई बार नशीला पदार्थ देकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की गई.
युवती के मुताबिक, देर रात तक काम कराने के बाद उसे फ्लैट ले जाकर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी. उसने यह भी कहा कि उसे दो दिनों तक जबरन फ्लैट में रखकर दुष्कर्म किया गया. लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया.
वेतन मांगने पर धमकी और दुर्व्यवहार
पीड़िता ने बताया कि जब भी वह अपना बकाया वेतन मांगती थी, तो उसे टाल दिया जाता था या अनुचित प्रस्ताव दिए जाते थे. साथ ही, उसके खिलाफ समाज में गलत अफवाहें भी फैलाई गईं.
हाल ही में वह अपनी मां के साथ डंगराटोली स्थित सैलून पहुंची और बकाया वेतन की मांग की. इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और गलत तरीके से छूने की भी कोशिश की. पैसे देने से इनकार करते हुए उन्हें धमकी दी गई.
फिलहाल, लालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.