Tata Steel Organizational Changes: टाटा स्टील लिमिटेड ने अपने बिजनेस को और रफ्तार देने, लागत में कमी लाने और परिचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अपने संगठनात्मक ढांचे में बहुत बड़े बदलाव किए हैं. कंपनी के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टी.वी. नरेन्द्रन द्वारा जारी आंतरिक सर्कुलर के अनुसार, ये सभी बदलाव 2 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गए हैं. इस मेगा रीस्ट्रक्चरिंग के तहत कंपनी के कई शीर्ष अधिकारियों की जिम्मेदारियों और रिपोर्टिंग लाइन्स में व्यापक फेरबदल किया गया है, जिसका सीधा असर कंपनी की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा.
चैतन्य भानु और उज्ज्वल चक्रवर्ती को मिली ऑपरेशंस की कमान
नए आदेश के तहत चैतन्य भानु को वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) की कमान सौंपी गई है. वे अब जमशेदपुर, गम्हरिया, लुधियाना और मेटालिक्स के पूरे ऑपरेशंस की जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, टिनप्लेट डिवीजन के पूर्व ईआईसी उज्ज्वल चक्रवर्ती को वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस डाउनस्ट्रीम) के नए पद पर नियुक्त किया गया है. वे जमशेदपुर स्थित ट्यूब्स, खोपोली, साहिबाबाद यूनिट्स, टिनप्लेट डिवीजन और कोल्ड रोलिंग कॉम्प्लेक्स की जिम्मेदारी संभालेंगे. ये दोनों ही अधिकारी जमशेदपुर में बैठकर सीधे सीईओ को रिपोर्ट करेंगे.
मार्केटिंग और सेल्स को किया गया एकीकृत, आशीष अनुपम संभालेंगे मोर्चा
कंपनी ने अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए मार्केटिंग और सेल्स विंग को पूरी तरह से एकीकृत (Merge) कर दिया है. अभी तक अलग-अलग बंटी इस जिम्मेदारी को अब आशीष अनुपम (वाइस प्रेसिडेंट - मार्केटिंग और सेल्स) अकेले संभालेंगे. वे कोलकाता से अपना कार्यभार देखेंगे. इसके अलावा पीयूष गुप्ता को वाइस प्रेसिडेंट (ग्रुप स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट और बिजनेस एक्सीलेंस) और प्रभात कुमार को वाइस प्रेसिडेंट (सप्लाई चेन) की नई जिम्मेदारी दी गई है, जिससे कंपनी के लॉजिस्टिक्स और वेंडर मैनेजमेंट को मजबूती मिलेगी.
सस्टेनेबिलिटी और अर्बन माइनिंग पर कंपनी का विशेष फोकस
टाटा स्टील ने इस बदलाव में पर्यावरण और रिसाइक्लिंग पर विशेष जोर दिया है. अब अर्बन माइनिंग और स्टील रिसाइक्लिंग व्यवसाय को सीधे वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी, हेल्थ और सस्टेनेबिलिटी) के अधीन कर दिया गया है ताकि वेस्ट मैनेजमेंट को बेहतर किया जा सके. सीईओ टी.वी. नरेन्द्रन ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये बदलाव कंपनी को भविष्य की चुनौतियों के लिए अधिक लचीला और मजबूत बनाएंगे. फिलहाल अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.