Bokaro News: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अमन साहू गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी हरविंदर सिंह ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर इस बात की जानकारी दी।हरविंदर सिंह ने बताया कि नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था, जिसकी जांच के दौरान बोकारो के व्यवसायियों और ठेकेदारों से मोबाइल फोन के माध्यम से रंगदारी वसूले जाने का पता चला जिसमे अमन साहू, राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह के संलिप्त थे।
छापेमारी में हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद
इस मामले में गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया, श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पॉल, जैनेन्द्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने अपराधियों से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, 1 मैगजीन, 2 चाकू, 8 मोबाइल फोन, 1 स्कूटी, 2 एटीएम कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल रंगदारी मांगने के लिए किया जा रहा था। मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार गुप्ता ने हथियार बरामदगी के समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह खुद ही घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।