Baharagora: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त जवान 65 वर्षीय भुगान बास्के की जान चली गई। वे संतोष होटल के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी जमशेदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वे दूर जा गिरे।
बच्चों के एडमिशन के लिए निकले थे घर से
जानकारी के मुताबिक, गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र के बेनागाड़िया निवासी भुगान बास्के अपने बच्चों के दाखिले के सिलसिले में बहरागोड़ा जा रहे थे। उनकी पत्नी मुनी बास्के पहले ही बस से निकल चुकी थीं, जबकि वे स्कूटी से पीछे-पीछे आ रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी का पीछा किया और बरसोल थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर कार समेत चालक को पकड़ लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, गांव में मातम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद बेनागाड़िया गांव में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-18 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।