Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-03

Jharkhand Weather Update: झारखंड में 38.8 डिग्री तक पहुंचा पारा, आज 40 पार जाने की उम्मीद, कल से बारिश का यलो अलर्ट

Jharkhand Weather Update: झारखंड में हर 24 घंटे में मौसम का मिजाज यू-टर्न ले रहा है. पिछले 24 घंटों में कड़ाके की धूप ने लोगों को मई वाली चुभती गर्मी का अहसास करा दिया है. सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री रहा. आज के मौसम की बात करें तो आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि, कड़क धूप के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है, जिससे दोपहर के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

जमशेदपुर समेत इन जिलों में पारा 40 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में सूर्य देव के तेवर और कड़े होने वाले हैं. जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ पलामू, गढ़वा, कोडरमा, देवघर, साहिबगंज और गोड्डा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है. दोपहर के समय इन इलाकों में लू जैसी गर्म हवाएं चलेंगी. न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ इसके 25 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, यानी आज दिन और रात दोनों वक्त उमस भरी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली.

4 अप्रैल से बदलेगा मौसम, बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट
चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि आने वाले 48 घंटों के भीतर मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम केंद्र ने 4 अप्रैल के लिए राज्यभर में “यलो अलर्ट” जारी कर दिया है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण झारखंड के कई जिलों में अच्छी-खासी बारिश होने के आसार हैं. 24 घंटे कड़कड़ाती धूप झेलने के बाद लोगों को एक बार फिर बादलों की गड़गड़ाहट और फुहारों से राहत मिलेगी, हालांकि इस दौरान वज्रपात (आकाशीय बिजली) की भी प्रबल आशंका जताई गई है.

सावधान! बारिश के साथ वज्रपात का बड़ा खतरा
मौसम वैज्ञानिकों ने साफ चेतावनी दी है कि कल (शनिवार) से शुरू होने वाली बारिश के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी. तेज हवाओं और मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा, इसलिए खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है. अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो आज रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री, जमशेदपुर का 40 डिग्री और धनबाद व बोकारो का 38 डिग्री रहने का अनुमान है. प्रदूषण के मामले में धनबाद की हवा सबसे खराब (AQI 211) स्तर पर दर्ज की गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !