Jharkhand News: मेदिनीनगर बस स्टैंड स्थित राजा साहेब बस कार्यालय में गुरुवार देर रात हुई युवक की हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर थाना में फैज खान समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार, अपराधी छत के रास्ते ऑफिस में घुसे थे और गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा को गोली मार दी। हालांकि मौके पर मौजूद इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू और एक अन्य युवक को अपराधियों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
2012 के लाडले हसन हत्याकांड से जुड़ रहे तार
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल समीर को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मृतक समीर खलीफा पूर्व जेएमएम नेता लाडले हसन उर्फ लड्डू खान के हत्याकांड में गवाह थे। गौरतलब है कि दिसंबर 2012 में बाजार क्षेत्र के महावीर मंदिर के पास लाडले हसन उर्फ लड्डू खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी फैज खान नामजद आरोपी था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।