BREAKING: आदित्यपुर के सालडीह बस्ती में अपराधियों के बुलंद हौसलों ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सालडीह बस्ती में 20 से 25 बेखौफ अपराधी हथियारों से लैस होकर पहुंचे और तांडव मचाना शुरू कर दिया. अपराधियों ने बस्ती में दहशत फैलाने के लिए चापड़ और फरसे से हमला और पिस्तौल से गोली भी चलाने की कोशिश की. इस दौरान बस्ती वासियों और अपराधियों के बीच जमकर पत्थरबाजी भी हुई. हालांकि, बस्ती के लोगों को एकजुट होकर हावी होते देख अपराधी मौके से दुम दबाकर भाग निकले. यह पूरी हिंसक वारदात बस्ती में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
कुख्यात अपराधियों ने बोला था धावा
बस्ती वासियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस दुस्साहसिक हमले में इलाके के कई चिन्हित और कुख्यात अपराधियों के नाम सामने आए हैं. घटना को अंजाम देने वाले गिरोह में मुख्य रूप से आलोक, छोटू महतो, गोविंदा, प्रेम बच्चा, चंदन बच्चा, सुदेश लंबू, सागर महतो, पवन महतो, राजू कुमार, रवि नायक और शुभम महंती समेत करीब दो दर्जन युवक शामिल थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये सभी अपराधी अक्सर नशे की हालत में बस्ती में धमक जाते हैं और सरेआम लोगों को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी और वर्चस्व का खेल खेलते हैं.
मौके से जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद
बस्ती में मचे हंगामे और पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल से अपराधियों द्वारा गिराई गई दो जिंदा गोलियां और एक मैगजीन बरामद कर जब्त कर ली है. आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है और बहुत जल्द पूरी गैंग सलाखों के पीछे होगी.
पुलिस के खिलाफ फूटा बस्ती वासियों का आक्रोश
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से सालडीह बस्ती के लोगों में भारी डर के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के प्रति जबरदस्त आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि अपराधियों का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को भी इन्हीं अपराधियों ने बस्ती के एक व्यक्ति पर फरसे से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, लेकिन पुलिस ने वक्त रहते ठोस कार्रवाई नहीं की. इसी ढुलमुल रवैये के कारण अपराधियों ने शुक्रवार को दोबारा बड़ा हमला करने की जुर्रत की. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन नशेडियों और गुंडों पर नकेल नहीं कसी गई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे.