Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर में संचालित हेल्थ मैप डायग्नोस्टिक सेंटर को बंद करने के आदेश के बीच मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है. अनुबंध समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेंटर को बंद करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन फिलहाल वहां जांच का कार्य जारी है.
गुरुवार को भी सेंटर में मरीजों की आवाजाही बनी रही और नियमित रूप से जांच होती रही. वहां मौजूद कर्मियों के अनुसार, इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर सुनवाई होनी बाकी है. इसी कारण फिलहाल सेवाएं बंद नहीं की गई हैं.
जानकारी के मुताबिक, यहां प्रतिदिन अस्पताल के चिकित्सकों की सलाह पर कई मरीजों के सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे किए जाते हैं, जिससे बड़ी संख्या में मरीज इस सुविधा पर निर्भर हैं.
दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुबंध समाप्त होने के कारण सेंटर को बंद करना अनिवार्य है. अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार संचालक को बंद करने की सूचना दे दी गई है. उन्होंने हाईकोर्ट में किसी याचिका की जानकारी होने से इनकार किया है.
सूत्रों का कहना है कि यदि संचालक द्वारा स्वयं सेंटर बंद नहीं किया जाता है, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस की मदद भी ले सकता है. फिलहाल पूरे मामले पर अगली सुनवाई और प्रशासनिक कदमों पर नजर बनी हुई है.