Jamshedpur Sonari News: जमशेदपुर के सोनारी जॉगर्स पार्क इलाके के पास रहने वाले 21 वर्षीय युवक प्रदीप राम ने मां की मामूली डांट से नाराज होकर खौफनाक कदम उठा लिया. मिली जानकारी के अनुसार, आज शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे किसी घरेलू चीज को लेकर मां ने प्रदीप को डांट दिया था. मां की बात से आहत और गुस्से में आकर प्रदीप सीधे अपने कमरे में गया और खुद को अंदर से पूरी तरह बंद कर लिया. परिजनों को जरा भी भनक नहीं थी कि वह डांट के बाद अंदर इतना आत्मघाती कदम उठाने जा रहा है.
काफी देर तक आवाज देने के बाद तोड़ा गया दरवाजा
कमरे में बंद होने के बाद जब काफी देर तक प्रदीप ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार वालों ने उसे कमरे से बाहर बुलाने के लिए बार-बार आवाज दी और दरवाजा भी खटखटाया. जब अंदर से कोई हलचल महसूस नहीं हुई, तो घबराए परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. जैसे ही वे कमरे के भीतर दाखिल हुए, वहां का खौफनाक नजारा देख उनके होश उड़ गए. प्रदीप फंदे से लटका हुआ था.
सुबह 11 बजे TMH लाया गया, डॉक्टरों ने की मौत की पुष्टि
परिजन बिना एक पल गंवाए बदहवास हालत में प्रदीप को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर भागे. सुबह करीब 11:00 बजे जब उसे अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
युवाओं में घटते धैर्य और डिप्रेशन पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक प्रदीप के घर में मातम पसरा हुआ है और अपने लाडले को खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है. यह घटना आज की युवा पीढ़ी में कम होते धैर्य, त्वरित गुस्से और मानसिक तनाव की ओर भी इशारा करती है. जरा सी डांट पर बच्चे जिंदगी खत्म करने जैसा बड़ा कदम उठा रहे हैं. पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.