Ranchi: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन सतर्क" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर 3 अप्रैल को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
एक्सप्रेस ट्रेन के कोच से मिला संदिग्ध यात्री
जांच के दौरान RPF पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के ए-1 कोच में एक संदिग्ध यात्री को चिन्हित किया। वह सीट नंबर 31 पर काले ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ बैठा था, जिसके व्यवहार पर टीम को संदेह हुआ।
तलाशी में बरामद हुई 18 बोतल अवैध शराब
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम राजेंद्र सिंह (72 वर्ष), निवासी दौलतपुर फतुहा (पटना) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
रांची से खरीदकर बिहार में बेचने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब रांची के रातू इलाके से खरीदी थी और उसे ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
आबकारी विभाग को सौंपा गया आरोपी, जांच जारी
आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और 4 अप्रैल को जब्त शराब के साथ उसे आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सूरज पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, डी. प्रसाद और आर.के. सिंह की अहम भूमिका रही।