Jamshedpur News : मानगो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को मेयर सुधा गुप्ता ने विभिन्न वार्डों और मोहल्लों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सड़कों और नालियों की हालत पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
जर्जर सड़क, जाम नालियां और कचरे पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर जर्जर सड़कें, जाम नालियां और कचरे के ढेर पाए गए, जिस पर मेयर ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बरसात के मद्देनजर मेयर ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, सड़कों की मरम्मत और कचरा उठाव व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
संवेदनशील माने जाने वाले झरना रोड क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए मेयर ने नाले के तेज बहाव से होने वाले संभावित खतरे को गंभीरता से लिया। संबंधित विभागों को नाले के पुनर्निर्माण, अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम और नियमित मॉनिटरिंग के लिए विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
दौरे के अंत में मेयर ने साफ कहा कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।