Jamshedpur News: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई स्कूटी सवार महिला के लिए डालसा (जिला विधिक सेवा प्राधिकार) की टीम देवदूत बनकर सामने आई. महिला अपनी स्कूटी से जा रही थी, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई. इस भीषण टक्कर में महिला सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गई और उसके सिर से लगातार खून बह रहा था. दर्द से कराह रही महिला की मदद के लिए जब सड़क पर कोई आगे नहीं आ रहा था, ठीक उसी वक्त वहां से डालसा की मोबाइल जागरूकता वैन गुजरी.
परिचितों को दी सूचना और अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कराया भर्ती
वैन में मौजूद डालसा के पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर्स) ने मानवता दिखाते हुए बिना एक पल गंवाए घायल महिला को अपनी मोबाइल वैन में उठाया और तुरंत इलाज के लिए टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) के इमरजेंसी वार्ड में ले जाकर भर्ती कराया. इसके साथ ही, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के मोबाइल से उसके परिजनों को फोन कर घटना की पूरी जानकारी दी और उन्हें तुरंत अस्पताल बुलाया. महिला को समय पर सही इलाज मिलने और उनके परिजनों के अस्पताल पहुंच जाने के बाद ही डालसा की टीम वहां से आगे के लिए रवाना हुई.
मदद के बाद टीम ने कदमा और सोनारी में चलाया विशेष जागरूकता अभियान
इस आपातकालीन मदद के बाद डालसा की टीम ने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सोनारी और कदमा सहित अन्य इलाकों में मोबाइल वैन के जरिए सघन जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान पीएलवी ने आम लोगों को डालसा के कार्यों, उसके मुख्य उद्देश्यों और विभिन्न लाभकारी सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही, टीम ने स्थानीय लोगों को दुर्घटना क्लेम, पोक्सो एक्ट और घरेलू हिंसा जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में जागरूक किया और कानूनी जानकारियों से भरे पंपलेट भी बांटे. इस पूरी सराहनीय कार्रवाई में पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो, बालेश्वर दास और सुजय दत्ता मुख्य रूप से शामिल रहे.