Jamshedpur News : टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारियों द्वारा जॉइंट डिपार्टमेंटल काउन्सिल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे स्वयंसेवी पहल के तहत 6 अप्रैल को टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। एक घंटे के इस सत्र में 95 छात्राएं और 11 शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आग से होने वाले खतरों और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान छात्राओं को अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
फायर टीम ने दिया अग्निशामक यंत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण
टिनप्लेट डिवीजन की फायर टीम ने लाइव प्रदर्शन कर आग पर नियंत्रण पाने के लिए अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग के तरीके समझाए। साथ ही आग लगने की स्थिति में सुरक्षित व्यवहार अपनाने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
यह सत्र फायर टीम के सदस्य बी. बी. सिंह, आकाश मलाकर और रवि द्वारा संचालित किया गया। वहीं जेडीसी के सदस्यों दीपक वर्गीस (हेड एचआरबीपी), मनोज कुमार सिंह (महासचिव, टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन), सूर्य भूषण शर्मा और जेनिफर जैकलीन ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई।
टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारी अपनी स्वैच्छिक सेवाओं के माध्यम से आसपास के स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा जागरूकता अभियान और करियर काउंसलिंग सत्र जैसे कार्यक्रमों के जरिए समाज में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।
पिछले दो महीनों में डिवीजन के कर्मचारियों ने आंध्रा स्कूल, क्रिश्चियन स्कूल और टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में उत्तम कुमार मिश्रा (चीफ सीआरएम), बृजेश कुमार (सीनियर एरिया मैनेजर, सेफ्टी एंड कंप्लायंस) और बिनोद कुमार सिंह (असिस्टेंट मैनेजर, सेफ्टी) का सहयोग रहा।
इसके अलावा, टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय की छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिल सके।