Seraikela News: सरायकेला स्थित एस.एम. गैस एजेंसी में गैस की भारी किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को दर-दर भटकना पड़ रहा है. मंगलवार सुबह से ही दर्जनों लोग गैस सिलेंडर पाने की उम्मीद में गोदाम के बाहर लंबी लाइनों में खड़े नजर आए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें निराशा ही हाथ लगी. एजेंसी प्रबंधन ने नोटिस चपकाकर सूचित किया है कि मुख्य प्लांट में आई तकनीकी खराबी की वजह से आज गैस की आपूर्ति नहीं हो पाएगी. इस अचानक आई बाधा से उन लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं जो दूर-दराज के गांवों से साधन जुटाकर यहां पहुंचे थे.
डोर-टू-डोर सप्लाई बंद होने से बढ़ी मुसीबत, उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी
गैस वितरण व्यवस्था में आई इस गिरावट से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी ने पहले ही घरों तक गैस पहुंचाने वाली “डोर-टू-डोर” सप्लाई बंद कर दी है, और अब गोदाम पहुंचने पर भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. हरि साईं गांव के निवासी बैद्यनाथ बांडिया जैसे कई लोग सुबह-सुबह साइकिल से किलोमीटर दूर चलकर यहां पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बिना सिलेंडर लिए ही वापस जाना पड़ा. लोगों का कहना है कि गैस न मिलने से उनका दैनिक जीवन और खान-पान बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
गैस संकट को देखते हुए उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से इस मामले में तुरंत दखल देने और समाधान निकालने की मांग की है. वहीं, एस.एम. गैस एजेंसी के मैनेजर मंटू सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि गैस प्लांट में आई तकनीकी खराबी के कारण लोडिंग और सप्लाई चेन प्रभावित हुई है.