Jamshedpur News : शहर के व्यस्त टावर चौक पर मंगलवार को ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क जाम हो गई।
ठेला लगाने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से हमला
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के टावर चौक पर प्रथम पक्ष के छोटू ने फल का ठेला लगाया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मोहम्मद राजा और उसके भाई वहां पहुंचे और ठेले के ठीक सामने अपना ठेला लगाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरे पक्ष के लोगों ने गुस्से में छोटू और उसके साथियों पर डंडों से हमला किया।
घटना के दौरान टावर चौक पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।
मामूली चोटें, बड़ा टला हादसा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस चौक पर ठेला लगाने को लेकर अक्सर विवाद होते रहते हैं। एक ओर नगर निगम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है, वहीं इस तरह के झगड़े बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।