Police Fund Scam: झारखंड पुलिस विभाग के एक लेखाकार, कौशल कुमार पाण्डेय को बोकारो पुलिस ने 3.15 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी ने जिले के कोषागार (Treasury) से वेतन वितरण के लिए निर्धारित करोड़ों की राशि को अवैध तरीके से निकालकर अपनी पत्नी और अन्य सहयोगियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दिया था. यह पूरी गड़बड़ी वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान की गई, जिसमें वेतन मद से मोटी रकम की निकासी कर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया.
उपायुक्त के निर्देश पर FIR, बैंक खातों पर लगी रोक
इस बड़े घोटाले का खुलासा होने के बाद बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सख्त रुख अपनाया है. उनके निर्देश पर कोषागार अधिकारी गुलाब चंद उरांव ने बोकारो स्टील सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लेखाकार को दबोच लिया. उपायुक्त ने उन सभी बैंक खातों में लेनदेन पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया है, जिनमें गबन की गई राशि भेजी गई थी. साथ ही, कोषागार कार्यालय के सभी संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर गहन जांच शुरू कर दी गई है.
जांच के घेरे में अन्य अधिकारी, उपनिरीक्षक के नाम पर हुई निकासी
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि यह राशि उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह के नाम पर निकाली गई थी, जो सामान्य वेतन प्रक्रिया से मेल नहीं खाती. अतिरिक्त कलेक्टर एमडी मुमताज अंसारी के अनुसार, यह मामला गंभीर वित्तीय अनियमितता का है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है कि क्या इस सिंडिकेट में अन्य लोग भी शामिल हैं. प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि गबन की गई 3.15 करोड़ की राशि को जल्द से जल्द रिकवर किया जा सके.