Assembly Elections 2026: देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है, जहां दोपहर 3 बजे तक असम ने 75.91% के साथ सबसे अधिक भागीदारी दिखाई है. केरल में अब तक 62.71% और पुडुचेरी में 72.40% मतदान दर्ज किया गया है. केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने रुझानों को देखते हुए उम्मीद जताई है कि राज्य इस बार 90% मतदान के ऐतिहासिक लक्ष्य को हासिल कर सकता है. निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर बाद भी केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जो एक रिकॉर्ड तोड़ मतदान की ओर इशारा कर रही हैं.
पहली बार वोट देने वाले युवाओं में जोश, दिग्गज नेताओं ने डाला वोट
इस बार के चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं (First Time Voters) की बड़ी भूमिका नजर आ रही है. अकेले केरल में 4.6 लाख नए मतदाता पहली बार अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनके स्वागत के लिए कई केंद्रों पर “हलवा” जैसी मिठाइयों का इंतजाम किया गया. असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने परिवार के साथ जालुकबारी में मतदान किया, वहीं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने जोरहाट में वोट डाला. पुडुचेरी में भी कांग्रेस अध्यक्ष वी वैथिलिंगम समेत कई दिग्गजों ने कतार में लगकर अपना वोट दिया और जीत का भरोसा जताया.
कड़ी सुरक्षा और डिजिटल निगरानी के बीच वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे
निर्यात आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की है. असम के कुछ हिस्सों में खराब मौसम और बारिश के बावजूद लोग मतदान केंद्रों पर डटे रहे. हालांकि, असम के दीफू निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र के अंदर का वीडियो वायरल होने के बाद एक एफआईआर (FIR) भी दर्ज की गई है. सभी 296 सीटों (असम-126, केरल-140 और पुडुचेरी-30) पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा और इस सत्ता संग्राम के अंतिम नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.