Jamshedpur News : लगातार हो रही बारिश का असर अब सब्जियों की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के बाजारों में हरी सब्जियों के दाम में पिछले एक सप्ताह के दौरान 5 से 10 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महंगाई की इस मार ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
उत्पादन घटने से बढ़े दाम
व्यापारियों के अनुसार, लगातार बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। स्थानीय स्तर पर सब्जियों का उत्पादन घट गया है और मंडियों में आवक कम हो गई है। ऐसी स्थिति में बाहर से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं, जिससे परिवहन लागत बढ़ रही है और कीमतों में और उछाल आ रहा है।
आम लोगों की बढ़ी परेशानी
सब्जियों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के खर्च में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे घरेलू बजट संभालना मुश्किल हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि टमाटर फिलहाल सस्ता है और बाजार में 3 से 5 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
कल से रुक सकती है बारिश
गुरुवार सुबह से शहर और आसपास के इलाकों—चाकुलिया, घाटशिला, बहरागोड़ा, पटमदा और बोड़ाम में तेज बारिश हुई। सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप निकली, लेकिन मौसम विभाग ने शाम में फिर आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल से बारिश में कमी आ सकती है, जिससे मौसम साफ होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। गुरुवार को शहर में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी रही और जनजीवन प्रभावित हुआ।
सब्जियों के ताजा दाम (प्रति किलो/पीस)
भिंडी: 40–50 रुपए, बरबट्टी 30–40 रुपए, परवल 50–60 रुपए, मूली 50–60 रुपए, कटहल 40–50 रुपए बैंगन 40–45 रुपए ,खीरा 30–40 रुपए, धनिया पत्ती 200 रुपए, गाजर 60–65 रुपए, पालक 50–60 रुपए, लहसुन 200 रुपए, अदरक 120 रुपए, करेला 70–80 रुपए, नेनुआ: 40 रुपए, टमाटर 3–5 रुपए, नींबू 10 रुपए प्रति पीस
मौसम के सामान्य होने और आपूर्ति में सुधार आने तक सब्जियों की कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम है। फिलहाल, बारिश ने आम लोगों की रसोई पर महंगाई का दबाव बढ़ा दिया है।