Jamshedpur News : शहर में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती विधि-व्यवस्था को लेकर चिंता गहराती जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी द्वारा इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि हाल के दिनों में हत्या, चापड़ जैसे घातक हथियारों से हमले और संगठित अपराध की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। आरोप है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं दिख रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई, जाम से परेशान जनता
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमराई हुई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी होती है। नागरिकों का कहना है कि ट्रैफिक सुधार के बजाय पुलिस का अधिक ध्यान हेलमेट जांच पर केंद्रित है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
स्मैक और सट्टा कारोबार पर नियंत्रण नहीं, युवाओं का भविष्य खतरे में
इसके साथ ही स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री को लेकर भी चिंता जताई गई है। लोगों का कहना है कि इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
इसके अलावा जिले में सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों के बड़े पैमाने पर संचालन का भी आरोप लगाया गया है। नागरिकों का कहना है कि इन पर लगाम लगाने में प्रशासन विफल साबित हो रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।