Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने शनिवार को साकची थाना पहुंचकर एक लिखित आवेदन सौंपते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। यह आवेदन जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में दिया गया।
राहुल गांधी और पवन खेड़ा पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का विरोध
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंचों, समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं।
कांग्रेस कमिटी का कहना है कि इस प्रकार की बयानबाजी न केवल संबंधित नेताओं की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के भी खिलाफ है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में गलत संदेश देते हैं और लोगों के बीच तनाव व वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं।
शिकायत के समर्थन में कांग्रेस ने वीडियो-ऑडियो रिकॉर्डिंग, मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपे हैं। कमिटी ने साकची थाना पुलिस से मामले का संज्ञान लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई करने और FIR दर्ज करने की मांग की है।