Jamshedpur: टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौते को लेकर शनिवार को अहम बैठक आयोजित की गई, जो सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली। इस दौरान कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और बताया जा रहा है कि विभिन्न भत्तों (एलाउंस) को लेकर बातचीत लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। हालांकि बैठक के दौरान मैनेजमेंट ने एक नया प्रस्ताव रखकर सभी को चौंका दिया, जिसमें कर्मचारियों के लिए परफॉर्मेंस आधारित अप्रेजल सिस्टम लागू करने की बात कही गई है।
अप्रेजल सिस्टम से बदलेगी प्रोमोशन और वेतन वृद्धि की प्रक्रिया
मैनेजमेंट द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार अब कर्मचारियों की पदोन्नति और वेतन वृद्धि उनके प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएगी। इसके लिए पीएमएस (परफॉर्मेंस मैनेजमेंट सिस्टम) लागू करने की बात कही गई है, जिसे वेज रिवीजन के साथ ही लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस नए सिस्टम के तहत चार प्रमुख बिंदुओं कर्मचारियों का व्यवहार, उनका कार्य प्रदर्शन, योग्यता और कार्य अनुभव के आधार पर एक मैट्रिक्स तैयार किया जाएगा, जिसके जरिए कर्मचारियों का मूल्यांकन किया जाएगा।
पुरानी वरीयता प्रणाली में होगा बदलाव
इस सिस्टम के लागू होने के बाद कर्मचारियों की वरीयता तय करने की वर्तमान परंपरा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अभी तक वरीयता का निर्धारण सेवा अवधि और ज्वाइनिंग की तिथि के आधार पर होता रहा है, वहीं किसी विभाग में सरप्लस की स्थिति बनने पर सामान्यत कनिष्ठ कर्मचारियों को ही सरप्लस पूल में भेजा जाता था और वरिष्ठ कर्मचारियों का समायोजन किया जाता था। लेकिन नए सिस्टम के लागू होने पर यह व्यवस्था बदल सकती है और मैट्रिक्स के आधार पर किसी भी कर्मचारी को सरप्लस घोषित किया जा सकेगा।
अन्य प्लांट में लागू, अब यहां प्रस्ताव
बताया गया है कि यह सिस्टम पहले से ही मेरामंडली, टाटा स्टील गम्हरिया समेत अन्य प्लांटों में लागू किया जा चुका है और अब इसे यहां भी लागू करने का प्रस्ताव सामने आया है। इस नए प्रस्ताव पर कर्मचारियों और यूनियन के बीच आगे चर्चा की संभावना है। फिलहाल तय हुआ है कि इस मुद्दे पर अगली बैठक बुधवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें इस पर और विस्तार से बातचीत की जाएगी।