Government Hospitals Of Dhanbad: धनबाद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ रही है। हाल ही में एक गर्भवती महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें एसएनएमएमसीएच में शिफ्ट करना पड़ा।
सदर अस्पताल में लापरवाही
सोमवार को उपासी कुमारी नाम की गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन यहां ना डॉक्टर मिले और ना ही समय पर इलाज हुआ। महिला के पति नरेश कुमार ने बताया कि रात एक बजे से उनकी पत्नी दर्द में थीं, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। यहां कोई डॉक्टर नहीं थे। करीब दो घंटे तक इंतजार किया। इस बीच कई बार कर्मियों को बोलने के बाद भी जब डॉक्टर नहीं आए तब वह अपनी पत्नी को लेकर एसएनएमएमसीएच चले गए।
एसएनएमएमसीएच में भी अव्यवस्था
धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आपातकालीन वार्ड की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। 26 मई को अस्पताल प्रबंधन ने निर्देश जारी किया था कि आपातकालीन वार्ड में आने वाले सभी मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत इलाज किया जाए। मगर डॉक्टरों व कर्मियों की कमी के वजह से यह संभव नहीं हो पा रहा है।
मरीजों को घंटों इंतजार
सोमवार को मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। टुंडी निवासी नमन ने बताया कि वह अपनी मां को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, उनका सिर गंभीर रूप से फट गया था। पिछले एक घंटे से इंतजार करने के बाद भी न कोई डॉक्टर पहुंचा और ना इलाज शुरू हो सका। उन्होंने बताया कि वार्ड में भीड़ इतनी अधिक थी कि स्टाफ भी असहाय नजर आया।
हॉस्पिटल में कर्मियों की कमी से मरीजों का इलाज भी समय पर नहीं हो पा रहा है और ना आदेश का पालन हो पा रहा है। मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी स्थिति और भी खराब हो रही है।
धनबाद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की बदहाली एक गंभीर समस्या है। डॉक्टरों और कर्मियों की कमी के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ रही है। अस्पताल प्रशासन को इस समस्या का समाधान करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।