Jamshedpur News : परसुडीह स्थित प्रमथ नगर में बांग बंधु संस्था द्वारा सड़क, नाला और स्वच्छ पेयजल की समस्या को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया।धरना पर बैठे लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए कहा कि शीतला चौक से करनडीह तक सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं इस मार्ग पर टेम्पो चालकों ने भी आना-जाना लगभग बंद कर दिया है।
नाली नहीं होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर गंदे पानी का बहाव बना रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें पूरा नहीं किया जाता।
संस्था की केंद्रीय अध्यक्ष अर्पणा गुहा ने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि चलना मुश्किल हो गया है और लोग लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से सड़क निर्माण का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब सड़क का शिलान्यास हो चुका है, तो निर्माण कार्य अब तक क्यों नहीं शुरू हुआ। साथ ही योजना में गड़बड़ी की आशंका भी जताई। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे और अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।