Jharkhand News : राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश विप्लव ने कहा कि केवल घोषणाओं से सरकार नहीं चलती, बल्कि जमीनी स्तर पर काम दिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य के अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कई जगहों पर पर्याप्त डॉक्टर नहीं हैं, दवाइयों की कमी है और बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव देखने को मिल रहा है। इससे आम लोगों को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पतालों में डॉक्टर, दवा और सुविधाओं की कमी का आरोप
प्रकाश विप्लव ने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन इनका असर जमीन पर नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, जहां मरीजों को समय पर इलाज तक नहीं मिल पाता।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि वे सिर्फ घोषणाएं करने के बजाय अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें। डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को मजबूत किया जाए।
प्रकाश विप्लव ने यह भी कहा कि अगर स्वास्थ्य व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया, तो जनता के बीच असंतोष और बढ़ेगा और लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।