Ranveer - Samay Controversy: स्टैंडअप कॉमेडी और यूट्यूब की दुनिया में इन दिनों समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया के बीच चल रही हल्की-फुल्की नोकझोंक चर्चा में बनी हुई है. "इंडियाज गॉट लेटेंट" विवाद के बाद समय रैना ने अपने नए कॉमेडी स्पेशल "स्टिल अलाइव" से वापसी की, जहां उन्होंने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की और रणवीर पर तंज कसे. अब इस पर रणवीर का जवाब सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
विवाद से वापसी तक, समय रैना ने शो में सुनाई अपनी कहानी
समय रैना का नया शो "स्टिल अलाइव" उनके करियर की वापसी माना जा रहा है. इस शो में उन्होंने उस विवाद का जिक्र किया, जिसमें एक आपत्तिजनक सवाल को लेकर काफी हंगामा हुआ था और कई FIR तक दर्ज हुई थीं. अपने स्टैंडअप में समय ने यह भी बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का उनकी मेंटल हेल्थ पर असर पड़ा. साथ ही उन्होंने रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े मुद्दे को लेकर मंच से कई व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी कीं.
रणवीर अल्लाहबादिया का जवाब, मजाकिया अंदाज में दिया तंज का रिएक्शन
इस पूरे मामले पर रणवीर अल्लाहबादिया ने सीधे बयान तो नहीं दिया, लेकिन उनका हालिया रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया. 11 अप्रैल को जब वह पैपराजी के कैमरे में कैद हुए, तो बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “हम दोनों का समय चल रहा है". जब उनसे समय रैना को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया-“समय… कौन समय? क्या समय? हमारा समय… मेरा समय अब है.”
उनके इस जवाब को लोग समय रैना के तंज का जवाब मान रहे हैं और सोशल मीडिया पर इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
फैंस के रिएक्शन और आगे की तैयारी
रणवीर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कुछ यूजर्स इसे मजाकिया जवाब बता रहे हैं, तो कुछ इसे इंडायरेक्ट रोस्ट के तौर पर देख रहे हैं. वहीं समय रैना ने अपने शो में संकेत दिया है कि वह जल्द ही "इंडियाज गॉट लेटेंट 2" के साथ वापसी करेंगे और इस बार शो को और ज्यादा बोल्ड अंदाज में पेश किया जाएगा.
कॉमेडी और कंटेंट की दुनिया में यह तकरार भले ही हल्की-फुल्की लगे, लेकिन यह दिखाती है कि विवाद के बाद भी दोनों अपने-अपने अंदाज में एक्टिव हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह नोकझोंक आगे और किस मोड़ पर पहुंचती है.