Jharkhand News : स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव में महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देते हुए पांच महिला अधिवक्ताओं ने जीत हासिल की है। इनमें रिंकू भगत, मौली सिन्हा, निवेदिता कुंडू, मधुलता रानी तथा मीरा कुमारी शामिल हैं।
आरक्षण लागू होने से बढ़ा महिला प्रतिनिधित्व
इस चुनाव में कुल 25 महिला अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 20 उम्मीदवारों को पर्याप्त मत नहीं मिल सके और वे बाहर हो गईं। अंततः पांच महिला उम्मीदवार विजयी रहीं।
बताया जा रहा है कि इस बार चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान लागू किया गया था, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप है। इससे बार काउंसिल में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया के तहत 12 मार्च को मतदान कराया गया था। पूरे राज्य में लगभग 75 मतदान केंद्र बनाए गए थे और करीब 100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। यह परिणाम झारखंड में कानूनी पेशे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व को दर्शाता है, जिसे न्यायिक प्रणाली में लैंगिक संतुलन की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।