Jharkhand News: रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात की. इस भेंट को केवल सरकारी औपचारिकता न बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने इसे एक छोटे भाई की अपने बड़े भाई से मुलाकात करार दिया. बैठक के दौरान राज्य में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया.
भ्रामक खबरों और अफवाहों पर लगाया विराम
मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर उन लोगों को कड़ा जवाब दिया जो सरकार के भीतर मतभेद की खबरें फैला रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाहें उड़ाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी और मुख्यमंत्री की सोच व लक्ष्य पूरी तरह एक हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ एकजुट है और विकास कार्यों की गति को किसी भी भ्रामक खबर से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा.
राहुल गांधी और हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर जताया भरोसा
स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को जनहित, न्याय और विकास के प्रति समर्पित नेता बताया. उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार पूरी तरह से आम जनता के मुद्दों पर केंद्रित है. मुख्यमंत्री के साथ इस मुलाकात को उन्होंने भविष्य के सुनहरे झारखंड की नींव बताया. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को विरोधियों के उन दावों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिनमें गठबंधन के भीतर खींचतान की बात कही जा रही थी.