Palamu News: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए प्रशासनिक व्यवस्था और मंत्रियों के बीच समन्वय की कमी को लेकर गंभीर सवाल उठाए। अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने धान खरीद की समय सीमा बढ़ाने के मुद्दे पर सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए है।
धान खरीद मुद्दे पर सरकार घिरी
सांसद ने उदाहरण देते हुए बताया कि एक ओर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर धान खरीद की तिथि बढ़ाने का आग्रह किया, लेकिन जब इस संबंध में विभाग के सचिव से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि समय सीमा समाप्त हो चुकी है।
मंत्री और अधिकारी आमने-सामने
विष्णु दयाल राम ने ये भी कहा कि ये स्थिति साफ दर्शाती है कि राज्य सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के बीच रत्ती भर भी तालमेल नहीं है। एक तरफ मंत्री केंद्र से समय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उनके ही अधिकारी उस पर अमल करने के बजाय सीधे इनकार कर रहे हैं।
जनता के साथ ठगी का आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल झारखंड की जनता को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतर्विरोध से साफ पता चलता है कि सरकार के भीतर गंभीर अव्यवस्था है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।