Dhanbad: धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित भौंरा ईजे महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक नकाबपोश अपराधियों ने पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने ऑफिस के मुख्य गेट के पास चार राउंड हवाई फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में डर और घबराहट फैल गई और माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया।
बैठक के बाद निकले यूनियन नेता पर हमला
जानकारी के अनुसार यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे। वहां बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही वे अपने समर्थकों के साथ बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस, हमलावर फरार
हमले के दौरान वहां खड़ी एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया। फायरिंग और मारपीट की इस घटना से पूरे क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.