Pakur News: पाकुड़ जिले के गोकुलपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 के छात्र गणेश कुमार का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के ‘युविका 2026’ कार्यक्रम के लिए हुआ है. इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
"युविका" कार्यक्रम में मिला अवसर, अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ने का मौका
"युविका" यानी युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम ISRO की "कैच देम यंग" पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि विकसित करना है. यह दो सप्ताह का पूर्णत, आवासीय और वित्तपोषित कार्यक्रम है, जिसमें चयनित छात्रों को मॉडल रॉकेटरी, आकाश अवलोकन, रोबोटिक्स प्रयोग और ISRO के वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर मिलता है.
आवेदन प्रक्रिया और चयन के मानदंड
युविका 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 फरवरी से 31 मार्च तक चली थी, जबकि चयनित छात्रों की पहली सूची 13 अप्रैल को जारी की गई. चयन के दौरान शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ-साथ क्विज, ओलंपियाड, खेल और अन्य गतिविधियों को भी महत्व दिया गया. साथ ही ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले छात्रों को विशेष वेटेज दिया गया, जिसका लाभ गणेश कुमार को मिला.
विद्यालय में खुशी का माहौल, छात्रों के लिए बनी प्रेरणा
डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर (स्थापना 1998) में लगभग 1500 छात्र अध्ययनरत हैं. गणेश की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने खुशी जताई है. प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती और शिक्षकों ने इसे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि गणेश का चयन अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा.
गणेश कुमार की सफलता यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी मेहनत और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है.