Jharkhand News: घाटशिला के बुरूडीह क्षेत्र में कई दिनों से विचरण कर रहे लगभग 35 हाथियों के बड़े झुंड को वन विभाग ने सफलतापूर्वक पटमदा के आमदापहाड़ी बाटालुका जंगल तक पहुंचा दिया है। इस झुंड में छोटे बच्चों से लेकर वयस्क हाथी शामिल हैं। अब विभाग का अगला लक्ष्य इन्हें सुरक्षित रूप से दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी तक पहुंचाना है।
वन विभाग, QRT और ग्रामीणों की संयुक्त टीम संभाल रही अभियान की कमान
इस अभियान में करीब दो दर्जन वनकर्मी, क्विक रिस्पांस टीम और स्थानीय ग्रामीण लगातार सक्रिय हैं। हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखते हुए दलमा की दिशा में मोड़ा जा रहा है। इस कार्य में “दलमा इको विकास समिति” के सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। अभियान का नेतृत्व कैप्टन देवाशीष कर्मकार और भुजुराम सोरेन कर रहे हैं, जिन्होंने हाथियों को बुरूडीह से सुखलाड़ा और डालापानी होते हुए बाटालुका तक पहुंचाया।
बाटालुका में कैंप लगा कर हाथियों पर कड़ी निगरानी जारी
फिलहाल वन विभाग की टीम बाटालुका जंगल में कैंप कर हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। रात के समय टॉर्च, मशाल और पटाखों की मदद से हाथियों को सही दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, लेकिन विभाग को उम्मीद है कि यह झुंड जल्द ही सुरक्षित रूप से दलमा के जंगल में प्रवेश कर जाएगा।