Modi And Trump Conversation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हाल ही में फोन पर करीब 40 मिनट तक महत्वपूर्ण बातचीत हुई इस बात की जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सेर्गीओ गौर ने दी. खास बात यह है कि इस साल दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी बार फोन पर चर्चा हुई है.
पश्चिम एशिया और होर्मुज पर फोकस
इस बातचीत में दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चर्चा की. खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर चिंता जताई गई. दोनों नेताओं ने इस अहम समुद्री मार्ग को खुला, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया.
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है, इसलिए इसकी सुरक्षा वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद जरूरी मानी जाती है.
पीएम मोदी का बयान
बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया और दोनों के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई.
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थक रहा है. साथ ही, दोनों देशों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में रहने पर सहमति जताई.
द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा
पीएम मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान भारत और अमेरिका के बीच विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति की भी समीक्षा की गई. दोनों नेताओं ने अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
यह फोन कॉल ऐसे समय पर हुई है जब पश्चिम एशिया में हालात संवेदनशील बने हुए हैं, और दुनिया की नजर इस क्षेत्र पर टिकी हुई है.