Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-14

Patamda Accident: पटमदा में रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर व बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत

Jamshedpur: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के पास स्थित पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनी गांव के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, ठनठनी घाटी क्षेत्र में चल रहे अवैध पत्थर खदान से पत्थर लादकर बामनी की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हालत में घटनास्थल पर ही पड़े रहे। इस हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास का माहौल दहला उठा।

टक्कर के बाद चालक फरार, खेत में छिपाया ट्रैक्टर
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया और उसे बामनी गांव के पास एक स्कूल के पीछे खेत में छिपा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के मालती गांव निवासी चुनू सिंह सरदार के 20 वर्षीय पुत्र सुमित सिंह सरदार के रूप में हुई है, जो अपने एक मित्र के साथ बुरूडीह स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था। वहीं दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

घटना के बाद आक्रोश, अवैध खनन पर कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से जुड़े भारी वाहन तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !