Gamharia News: गम्हरिया थाना अंतर्गत न्यूको ऑटो प्राइवेट लिमिटेड (Newco Auto Private Limited) में बुधवार सुबह चोरी का एक मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, एक शातिर चोर आधी रात के बाद कंपनी परिसर में घुसकर कीमती सामान चोरी करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वहां तैनात सतर्क सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई. सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर चोर को रंगे हाथों धर दबोचा. पकड़े जाने के बाद गुस्से में आए सुरक्षाकर्मियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी, जिसके बाद उसे कंपनी परिसर में ही रोक कर रखा गया.
पुलिस की गश्ती टीम को किया सुपुर्द
बुधवार सुबह गम्हरिया थाना की गश्ती टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों और कंपनी प्रबंधन का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे उद्यमियों में असुरक्षा का माहौल है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में आरोपी के साथ और कितने लोग शामिल थे.
प्रशासनिक सुस्ती पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों का गंभीर आरोप है कि पकड़ा गया व्यक्ति इलाके का शातिर चोर है और पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है. लोगों का कहना है कि पूर्व में भी गम्हरिया थाने में इस आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली के कारण उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. फिलहाल, पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर रही है.