Jharkhand News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड तकनीकी, विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है. आयोग ने परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की (Provisional Answer Key) और अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत रिस्पॉन्स शीट आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. यह परीक्षा 15 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी. अभ्यर्थी अब अपनी आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर यह देख सकते हैं कि उन्होंने क्या उत्तर दिए थे और आयोग ने किसे सही माना है.
21 अप्रैल तक आपत्ति दर्ज करने का सुनहरा मौका
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर पर किसी भी प्रकार का संदेह है या वे आयोग द्वारा दिए गए सही उत्तर से असहमत हैं, तो वे अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि तक निर्धारित की गई है. इसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित प्रश्न और उसके साक्ष्य के साथ अपनी चुनौती पेश करनी होगी. निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर आयोग विचार नहीं करेगा.
लॉगिन के लिए ईमेल और पासवर्ड का करें उपयोग
अभ्यर्थी अपनी आंसर-की देखने के लिए जेएसएससी (JSSC) की वेबसाइट पर अपने रजिस्टर्ड ईमेल के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं. आयोग ने लॉगिन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पासवर्ड का फॉर्मेट भी पोर्टल पर उपलब्ध कराया है. इस प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थी पारदर्शिता के साथ अपने अंकों का अनुमान लगा सकेंगे. आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग विशेषज्ञों की मदद से उनका निस्तारण करेगा और इसके बाद फाइनल आंसर-की के आधार पर परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा.