Seraikela News: सरायकेला खरसावां जिले में 19 अप्रैल 2026 को झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC की परीक्षा 8 निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ब्रीफिंग बैठक में अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत की मौजूदगी में ब्रीफिंग बैठक हुई। इस बैठक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता दल और केंद्र पर्यवेक्षक शामिल थे।
डीसी ने परीक्षा गोपनीयता और मूलभूत सुविधाओं पर दिए निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की गोपनीयता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्रों पर Do’s & Dont’s के बैनर लगाने, रोल नंबर व कक्ष संख्या की जानकारी चस्पा करने तथा हर कक्ष में घड़ी, पेयजल, शौचालय, बिजली और पंखा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कड़ी चेकिंग के बाद ही एंट्री, नकल पर सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने ये भी कहा कि सभी अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा और मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने नकल करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।