Kharsawan News: खरसावां-हुडागंदा मार्ग स्थित सिंचाई परियोजना के पास बुधवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. लखनडीह गांव के महेंद्र मुंडा (35), अपने चचेरे भाई महेंद्र मुंडा (32) और 10 वर्षीय मासूम सोयलेन लौहार के साथ खरसावां बाजार से गांव लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे शिवाजी लौहार (28) की तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.
पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही खरसावां थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस को बुलाया. स्थानीय ग्रामीण सुरेंद्र लौहार, राजीव मुंडा और सुनील लौहार की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. पहाड़ी रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में शुरुआत में थोड़ी दिक्कतें आईं, लेकिन पुलिस की तत्परता से समय रहते घायलों को चिकित्सा सहायता मिल सकी.
गंभीर हालत के चलते सदर अस्पताल रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. कन्हैयालाल उरांव ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सरायकेला सदर अस्पताल रेफर कर दिया है. चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, 10 वर्षीय सोयलेन लौहार और दोनों महेंद्र मुंडा के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जिनमें से एक महेंद्र मुंडा की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है. वहीं, दूसरी बाइक के सवार शिवाजी लौहार के दाहिने हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
जांच में जुटी खरसावां पुलिस
हादसे के बाद खरसावां पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण पहाड़ी मोड़ पर तेज रफ्तार और असंतुलन माना जा रहा है. फिलहाल, सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.