Chakradharpur News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां ट्रांसफार्मर पर चढ़ने से एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार के घर आया हुआ था. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
सुबह अचानक उठकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ा युवक, 11000 वोल्ट करंट से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर गांव निवासी गंगा तांती अपनी पत्नी के साथ देवगांव स्थित अपने मामा बाबू तांती के घर आया था. घर छोटा होने के कारण उसकी पत्नी अंदर सो रही थी, जबकि गंगा तांती बाहर सोया हुआ था. गुरुवार सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच वह अचानक उठा और पास के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया. इसी दौरान 11000 वोल्ट का करंट लगने से वह ट्रांसफार्मर से चिपक गया. घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे. बिजली सप्लाई बंद कर युवक को नीचे उतारा गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.
मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, पत्नी भी बीमार-परिजनों का दावा
घटना के बाद मृतक का बड़ा भाई जुगल तांती मौके पर पहुंचा. उसने बताया कि गंगा तांती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था. उसने यह भी कहा कि मृतक की पत्नी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है. गंगा तांती मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
यह घटना लापरवाही और असुरक्षित बिजली व्यवस्था के खतरे को उजागर करती है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं स्थानीय लोग भी इस तरह की घटनाओं से सतर्क रहने की बात कह रहे हैं.