Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया. यह छापेमारी बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें विभाग को बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री हाथ लगी.
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के मार्गदर्शन में टीम ने ग्राम मुंडाकाटी, विश्रामपुर और मंझगांव टोला जोगोडा में एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 40 लीटर अवैध चुलाई शराब और करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया.
एक साथ तीन जगहों पर छापेमारी
उत्पाद विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तीनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी. हालांकि टीम को देखते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. इसके बावजूद विभाग ने मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त कर ली.
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
बरामद शराब और जावा महुआ को जब्त कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
विभाग ने साफ किया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके.