Chatra News: आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. इसी क्रम में उपायुक्त कीर्ति श्री ने जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की.
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त चतरा कॉलेज और जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो. साथ ही परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.
कॉलेज में लाइब्रेरी और कक्षाओं का निरीक्षण
उपायुक्त ने चतरा कॉलेज परिसर में नव निर्मित लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया. उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि छात्रों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके. इसके अलावा कॉलेज में संचालित कक्षाओं का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की भी समीक्षा की.
पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा का निर्देश
मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा और नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने कहा कि JPSC परीक्षा जिले के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है.