Adityapur Road Accident: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बड़ाम थान के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा (संख्या JH 05 CD 0352) ने चार पहिया वाहन (संख्या JH 05 CN 5113) को जबरदस्त टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिना खलासी के हाईवा चला रहे ड्राइवर ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ी. गनीमत रही कि कार पलटी नहीं, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था.
इलाज कराने जा रहे परिवार के साथ हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग कांड्रा क्षेत्र से नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) इलाज कराने जा रहे थे. अस्पताल पहुंचने से पहले ही वे इस हादसे का शिकार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद शुभम कुमार पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. उन्होंने कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क किनारे पहुंचाया. कार सवारों की चोटों की गंभीरता के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू
हादसे की खबर मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार और बालू लदे हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हाईवा चालक की तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना ही हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के वक्त हाईवा में खलासी क्यों नहीं था और चालक के पास वैध दस्तावेज हैं या नहीं.
बालू की वैधता पर भी पुलिस की पैनी नजर
हादसे का शिकार हुआ हाईवा बालू से पूरी तरह लदा हुआ था. पुलिस अब इस मामले की भी जांच कर रही है कि हाईवा पर लदा बालू वैध है या अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था. सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार इस मार्ग पर पहले भी हादसों का कारण बनती रही है. फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके.